लखनऊ, 29 दिसंबर 2025। Yogi Government Initiatives: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए महत्वाकांक्षी योजना शुरू की है। सरकार का लक्ष्य है कि राज्य की तीन करोड़ महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया जाए। इसी कड़ी में एक वर्ष के अंदर एक करोड़ महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने की कार्ययोजना पर तेजी से काम शुरू हो गया है।
इसे भी पढ़ें- CM Yogi Industrial Policy: यूपी में निवेश की नई लहर, टाटा संस और सिफी टेक्नोलॉजीज के प्रमुखों से सीएम ने की मुलाकात
‘लखपति दीदी’ का मतलब उन महिलाओं से है जो सालाना एक लाख रुपये से अधिक की आय अर्जित करेंगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर यह अभियान मिशन मोड में चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य महिलाओं को केवल सरकारी योजनाओं की लाभार्थी बनाने से आगे बढ़ाकर आर्थिक विकास की सक्रिय भागीदार बनाना है। महिलाएं अब स्वरोजगार अपनाएंगी और दूसरों को रोजगार देने वाली उद्यमी बनेंगी।
इसके लिए कृषि और गैर-कृषि आधारित आजीविका मॉडल को मजबूत किया जा रहा है, ताकि ग्रामीण महिलाओं को स्थायी और टिकाऊ आय के स्रोत उपलब्ध हो सकें। यह योजना उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (यूपीएसआरएलएम) के माध्यम से लागू की जा रही है। प्रशिक्षित टीमें गांव-गांव और घर-घर जाकर महिलाओं से संपर्क करेंगी और उन्हें स्वयं सहायता समूहों से जोड़ेंगी।
महिलाओं को विभिन्न क्षेत्रों जैसे कृषि, पशुपालन, डेयरी फार्मिंग, हस्तशिल्प, खाद्य प्रसंस्करण, सूक्ष्म उद्योग और सेवा सेक्टर में कौशल प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही, तत्काल पूंजी सहायता, बैंक लिंकेज, ब्याज मुक्त या कम ब्याज पर ऋण और बाजार समर्थन भी प्रदान किया जाएगा। सरकार चार प्रमुख स्तंभों प्रशिक्षण, तकनीक, वित्त और बाजार पर मजबूत व्यवस्था बना रही है।
इससे महिलाएं न केवल अपनी आय बढ़ा सकेंगी, बल्कि परिवार और समाज की आर्थिक स्थिति को भी मजबूत करेंगी। वर्तमान में राज्य में पहले से ही लाखों महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हैं और नवंबर 2025 तक 18.56 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। केंद्र सरकार की राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत देशभर में तीन करोड़ लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य है, जिसमें उत्तर प्रदेश की भूमिका महत्वपूर्ण है।
यह पहल महिलाओं को सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति देगी। गांवों में स्वावलंबन अभियान पहुंचने से परिवारों की क्रय शक्ति बढ़ेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
योगी सरकार का मानना है कि सशक्त महिलाएं ही समृद्ध प्रदेश और देश की नींव हैं। इस योजना से न केवल महिलाओं का जीवन बदलेगा, बल्कि उत्तर प्रदेश महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित करेगा। अभियान की सफलता के लिए अधिकारियों को युद्धस्तर पर काम करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
इसे भी पढ़ें- CM Yogi Industrial Policy: यूपी में निवेश की नई लहर, टाटा संस और सिफी टेक्नोलॉजीज के प्रमुखों से सीएम ने की मुलाकात








