उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। वह राज्य के इतिहास में सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री पद पर रहने वाले नेता बन गए हैं। योगी आदित्यनाथ ने 8 साल, 4 महीने और 10 दिन तक मुख्यमंत्री के रूप में कार्य करते हुए गोविंद बल्लभ पंत के 8 साल 127 दिन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।
योगी आदित्यनाथ ने 19 मार्च 2017 को उत्तर प्रदेश के 21वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। इसके बाद 2022 के विधानसभा चुनाव में दोबारा जीत हासिल कर वे लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री बने। वह प्रदेश के पहले ऐसे मुख्यमंत्री हैं जिन्होंने पांच साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद दोबारा इस पद पर वापसी की।
योगी आदित्यनाथ का जन्म 5 जून 1972 को अजय मोहन सिंह बिष्ट के रूप में हुआ था। वे गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मठ के महंत भी हैं और इस मठ की धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने 26 साल की उम्र में राजनीति में कदम रखा और 1998 में गोरखपुर से सांसद बने। इसके बाद वे लगातार पांच बार लोकसभा में गोरखपुर का प्रतिनिधित्व करते रहे।
मुख्यमंत्री बनने के बाद योगी आदित्यनाथ ने अपने प्रशासनिक कार्यों, कानून-व्यवस्था की स्थिति में सुधार और विकास योजनाओं के चलते राज्य की राजनीति में एक मजबूत नेता के रूप में अपनी पहचान बनाई है। आने वाले विधानसभा चुनाव 2027 में भी उनकी भूमिका अहम मानी जा रही है।








