लखनऊ, 10 दिसंबर। UP Elections 2027: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए सबसे बड़ा दांव खेल दिया है। बिहार में नीतीश-लालू गठबंधन की हार से सबक लेते हुए अखिलेश ने उत्तर प्रदेश की महिलाओं के लिए धमाकेदार घोषणा की – अगर 2027 में सपा की सरकार बनी तो हर गरीब मां-बहन को सालाना 40 हजार रुपये सीधे खाते में दिए जाएंगे।
इसे भी पढ़ें- बाबरी विध्वंस की बरसी पर अखिलेश यादव ने सलीम चिश्ती दरगाह में चढ़ाई चादर, PDA और संविधान पर दिया संदेश
बिहार दौरे के दौरान अखिलेश ने कहा, “बिहार में सुना गया कि महिलाओं को 10 हजार रुपये सालाना देने का वादा किया गया था। 10 हजार बहुत बड़ी रकम है। अब लाखों माताएं-बहनें उस पैसे का इंतजार कर रही हैं। हमने भी तैयारी कर ली है।” अखिलेश ने हिसाब लगाकर बताया कि सपा सरकार में पहले 500 रुपये मासिक समाजवादी पेंशन दी जाती थी। बाद में 1000 रुपये और लोकसभा चुनाव में 2500 रुपये मासिक देने का वादा किया था। लेकिन सत्ता से बाहर होने की वजह से यह पैसा महिलाओं को नहीं मिल पाया।“
हमने BJP से हिसाब लगाना सीख लिया है। 500 रुपये महीना × 12 महीना = 6,000 रुपये सालाना। पिछले कई सालों में महिलाओं ने जो पैसा खोया, उसका कुल हिसाब लगाया तो करीब 36 हजार रुपये बनते हैं। उस पर ब्याज जोड़कर हम 40 हजार रुपये सालाना देने जा रहे हैं। अगर 10 हजार से सरकार बन सकती है तो 40 हजार से तो पूरी तरह बहुमत आएगा!”
पैसे कहां से आएंगे? इस सवाल पर अखिलेश ने तीखा हमला बोला – “देश के बड़े-बड़े उद्योगपतियों पर बैंकों का हजारों-लाखों करोड़ का कर्ज माफ किया गया। दुनिया का पैसा लेकर वो अमीर बने। समाजवादी सरकार आएगी तो वही तरीका अपनाएंगे – उद्योगपतियों से उनका बकाया वसूल करके गरीब मां-बहनों के खाते में 40 हजार रुपये सालाना डालेंगे।”
अखिलेश ने BJP पर करारा तंज कसा, “आपने महिलाओं से 15-15 लाख आने का वादा किया था, वो रुपये आज तक कहां हैं? हम तो 40 हजार हर साल देने जा रहे हैं।” इस घोषणा से यूपी की सियासत में भूचाल आ गया है। माना जा रहा है कि महिलाओं को सीधे नकद देने का यह सबसे बड़ा राज्य-स्तरीय वादा है, जो 2027 के चुनावी समीकरण पूरी तरह बदल सकता है।








