पटना, 2 अगस्त 2025। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हालिया बयानों पर तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी ने दावा किया था कि उनके पास चुनाव आयोग द्वारा वोट चोरी के सबूत हैं, जिसे उन्होंने “एटम बम” की संज्ञा दी। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए राजनाथ सिंह ने कहा, “अगर राहुल गांधी के पास वाकई में सबूतों का एटम बम है, तो उसे तुरंत जनता के सामने लाएं। सनसनीखेज बयानबाजी उनकी पुरानी आदत है, लेकिन बिना तथ्यों के ऐसे दावे करना ठीक नहीं।”राजनाथ सिंह ने बिहार के एक कार्यक्रम में यह बात कही, जहां उन्होंने राहुल गांधी के आरोपों को निराधार करार दिया।
इसे भी पढ़ें- मोदी के करीबी मंत्री का योगी सरकार पर हमला, BJP में बढ़ी सियासी हलचल
उन्होंने कहा, “चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है और उस पर बिना ठोस सबूत के आरोप लगाना गलत है। अगर उनके पास कोई सबूत है, तो उसे सार्वजनिक करें, न कि सिर्फ बयानबाजी करें।” राहुल गांधी ने हाल ही में दावा किया था कि उनकी पार्टी ने छह महीने की जांच के बाद वोटर लिस्ट में गड़बड़ी के सबूत जुटाए हैं, खासकर कर्नाटक, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और बिहार में। उन्होंने कहा था कि ये सबूत इतने बड़े हैं कि इनके सामने आने पर “चुनाव आयोग कहीं नहीं दिखेगा।”
हालांकि, चुनाव आयोग ने राहुल के इन दावों को खारिज करते हुए कहा है कि उनके आरोप बेबुनियाद हैं और संवैधानिक संस्था को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। राजनाथ सिंह ने भी इस मुद्दे पर कांग्रेस को आड़े हाथों लिया और कहा, “खाली दावों से कुछ नहीं होगा। अगर सचमुच सबूत हैं, तो उसे देश के सामने लाएं, ताकि सचाई सामने आए।”इस बीच, विपक्षी दलों ने बिहार में मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर भी सवाल उठाए हैं, जिसे लेकर संसद में पिछले कुछ दिनों से हंगामा चल रहा है। राजनाथ सिंह ने इस पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि विपक्ष को संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करना चाहिए और बिना सबूत के आरोप लगाने से बचना चाहिए।
इसे भी पढ़ें-UP BJP: यूपी बीजेपी में नया नेतृत्व, ओबीसी चेहरा बन सकता है प्रदेश अध्यक्ष, ब्राह्मण समर्थन पर नजर








