गुजरात के मोडासा में किसानों और पशुपालकों की एक बड़ी महापंचायत को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुजरात की भाजपा सरकार और कांग्रेस दोनों पर जमकर निशाना साधा। हाल ही में हुए पशुपालक आंदोलन में अशोक चौधरी नामक व्यक्ति की मृत्यु पर उन्होंने राज्य सरकार और डेयरी विभाग से 1-1 करोड़ रुपये मुआवजे की मांग की।
अपने संबोधन में केजरीवाल ने कहा कि गुजरात में असल में सिर्फ भाजपा नहीं, बल्कि कांग्रेस और भाजपा की “मिलीजुली सरकार” है। उन्होंने 1985 की उस घटना का जिक्र किया जब कांग्रेस शासन के दौरान किसानों पर गोली चली थी और 10 किसान मारे गए थे। केजरीवाल ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के उस बयान पर भी तंज कसा जिसमें राहुल ने कहा था कि कुछ लोग रेस के घोड़े होते हैं और कुछ शादी के। केजरीवाल ने जवाब दिया, “कांग्रेस में सब शादी के घोड़े हैं, AAP वाले लंबी रेस के घोड़े हैं।”
भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए केजरीवाल ने कहा कि यह सरकार अडानी जैसे अमीरों के हित में काम करती है, हर ठेका उन्हीं को जाता है जबकि किसान और पशुपालक अपने हकों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि मोडासा और उत्तरी गुजरात की सहकारी समितियों पर भाजपा का भ्रष्टाचार और लूट हावी है। किसानों का हक मारा जा रहा है और उनका पैसा उन तक नहीं पहुंच रहा है।
14 जुलाई को साबरकांठा और अरावली जिलों के हजारों पशुपालक साबर डेयरी पर विरोध के लिए जुटे थे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। उसी दिन, प्रदर्शन में शामिल अशोक चौधरी की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई थी। इस घटना को लेकर केजरीवाल ने कहा, “अगर किसान बकाया मांग रहे हैं, तो बातचीत होनी चाहिए, लाठीचार्ज नहीं।”
उन्होंने यह भी कहा कि आज डेयरी सिस्टम में जबरदस्त भ्रष्टाचार है और उसका खामियाजा सीधे पशुपालकों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आम आदमी पार्टी किसानों और गरीबों के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रहेगी।
AAP प्रमुख ने अपने दो दिवसीय गुजरात दौरे के दौरान पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की रणनीति पर भी चर्चा की और AAP विधायक चैतर वसावा की गिरफ्तारी के खिलाफ रैली निकालने का एलान किया।