पश्चिन बंगाल, 30 दिसंबर 2025। Amit Shah: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कोलकाता में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पश्चिम बंगाल में भाजपा की बढ़ती ताकत का हवाला देते हुए बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि 2026 के विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी। इस दावे के पीछे वह ‘3 से 77’ वाला करिश्माई आंकड़ा है, जो भाजपा की बंगाल में तेजी से बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाता है।
शाह ने भाजपा की चुनावी यात्रा का जिक्र करते हुए बताया कि 2016 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को मात्र 3 सीटें और 10 प्रतिशत वोट मिले थे। लेकिन सिर्फ पांच साल बाद 2021 के चुनाव में यह आंकड़ा 77 सीटों तक पहुंच गया, जबकि वोट प्रतिशत 38 फीसदी हो गया। इससे पहले 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को 17 प्रतिशत वोट और 2 सीटें मिली थीं, जो 2019 में बढ़कर 41 प्रतिशत वोट और 18 सीटें हो गईं।
हालांकि 2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी को 39 प्रतिशत वोट के साथ 12 सीटें मिलीं, लेकिन शाह ने इसे आधार मानते हुए कहा कि यह निरंतर विकास का प्रमाण है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह ग्रोथ रुकने वाली नहीं है और 2026 में भाजपा दो-तिहाई बहुमत से सरकार बनाएगी। शाह ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की ममता बनर्जी सरकार पर तीखा हमला बोला।
उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी के 15 साल के शासन में बंगाल भय, भ्रष्टाचार, कुशासन और घुसपैठ का शिकार हो गया है। राज्य की जनता अब इन समस्याओं से त्रस्त है और विकास, विरासत तथा गरीब कल्याण वाली मजबूत सरकार चाहती है। विशेष रूप से घुसपैठ के मुद्दे पर शाह ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि ममता सरकार घुसपैठ रोकने में पूरी तरह विफल रही है, जो राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा है।
भाजपा सरकार बनते ही बांग्लादेश सीमा पर मजबूत नेशनल ग्रिड बनाई जाएगी, जहां “इंसान तो दूर, परिंदा भी पर नहीं मार सकेगा”। साथ ही घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें चुन-चुनकर बाहर निकाला जाएगा।अमित शाह ने बंगाल की जनता को आश्वासन दिया कि 15 अप्रैल 2026 के बाद भाजपा सरकार बनते ही राज्य में ‘शोनार बांगला’ का सपना साकार होगा।
बंगाल की गौरवशाली संस्कृति और विरासत को पुनर्जीवित किया जाएगा, विकास की गंगा तेजी से बहेगी और मोदी सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाएं बिना किसी बाधा के लागू होंगी। उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जिक्र कर याद दिलाया कि भाजपा की जड़ें बंगाल में ही हैं और पार्टी राज्य को फिर से समृद्ध बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
यह दौरा 2026 के चुनावी तैयारी का हिस्सा है, जहां भाजपा संगठन को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को उत्साहित करने पर फोकस कर रही है। शाह की यह हुंकार बंगाल की सियासत में नया तूफान ला सकती है, जहां टीएमसी और भाजपा के बीच सीधी टक्कर तय मानी जा रही है। जनता अब किसे चुनेगी, यह समय बताएगा, लेकिन भाजपा ‘3 से 77’ के सफर को आगे बढ़ाकर सत्ता की दहलीज पार करने का पूरा दम भर रही है।
इसे भी पढ़ें- Olympics 2036: अहमदाबाद में ही होगा 2036 ओलंपिक! गृह मंत्री अमित शाह का दावा, कहा- तैयार रहो








