-
चारबाग से बस संचालन जल्द होगा बंद आलमबाग से मिलेगी सेवा
-
PPP मॉडल पर नया स्वरूप लेगा चारबाग बस स्टेशन, शिफ्टिंग शुरू
लखनऊ, 2 जनवरी 2026। UP Transport: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के प्रमुख चारबाग बस स्टेशन में बड़े बदलाव की तैयारी चल रही है। पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर इसे आधुनिक बस टर्मिनल में तब्दील करने के लिए बसों का संचालन जल्द ही आलमबाग टर्मिनल में शिफ्ट कर दिया जाएगा।
इसे भी पढ़ें-UP SIR: महोबा में SIR ड्राफ्ट मतदाता सूची में बड़ी गड़बड़ी, दो ग्राम प्रधानों समेत 2450 नाम गायब
वर्तमान में चारबाग बस स्टेशन की घेराबंदी शुरू हो चुकी है, टिनशेड की दीवारें खड़ी की जा रही हैं और केवल एंट्री गेट ही खुला रखा गया है। इससे यात्रियों को फिलहाल दिक्कतें हो रही हैं, लेकिन जल्द ही पूरी शिफ्टिंग होने के बाद राहत मिलेगी। चारबाग बस स्टेशन लखनऊ का सबसे व्यस्त और महत्वपूर्ण बस अड्डा है। यहां से कानपुर, रायबरेली, गोरखपुर, अयोध्या, फतेहपुर, मौरावां, उन्नाव, हैदरगढ़, बहराइच, बलरामपुर, गोंडा जैसे प्रमुख जिलों और शहरों के लिए 24 घंटे बस सेवा उपलब्ध रहती है।

रोजाना लगभग 350 बसें यहां से आवागमन करती हैं और करीब 22 से 25 हजार यात्री यात्रा करते हैं। यह स्टेशन रेलवे स्टेशन से सटा होने के कारण भी लाखों यात्रियों की पहली पसंद रहा है। सरकार की योजना के अनुसार, PPP मॉडल पर चारबाग बस स्टेशन को पूरी तरह से नया स्वरूप दिया जाएगा। यहां आधुनिक सुविधाओं से लैस छह मंजिला इमारत बनेगी, जिसमें वीआईपी लाउंज, कैफेटेरिया, फूड कोर्ट, शॉपिंग मॉल, वेटिंग एरिया, एस्केलेटर, लिफ्ट और पार्किंग जैसी व्यवस्थाएं होंगी।
नक्शा और बिल्डिंग डिजाइन पहले ही अप्रूव हो चुके हैं। बस अड्डा 6,784 वर्गमीटर क्षेत्र में बनेगा और इस पर करीब 50 करोड़ रुपये की लागत आएगी। निर्माण कार्य की शुरुआत हो चुकी है। अप्रैल में मिट्टी की टेस्टिंग पूरी हो गई थी और अंडरग्राउंड मेट्रो की अड़चनें भी दूर कर ली गई हैं। अब जल्द ही मुख्य निर्माण शुरू होगा। इस बीच बसों को आलमबाग शिफ्ट करने से निर्माण बिना रुकावट के पूरा हो सकेगा।
लखनऊ में चारबाग के अलावा गोमतीनगर (विभूतिखंड) में नया बस अड्डा बन रहा है और अमौसी वर्कशॉप को भी PPP मॉडल पर विकसित किया जाएगा।ये बदलाव यात्रियों के लिए लंबे समय में बड़ी सुविधा लेकर आएंगे, लेकिन शिफ्टिंग के दौरान थोड़ी असुविधा हो सकती है। परिवहन निगम यात्रियों से सहयोग की अपील कर रहा है। नया चारबाग बस टर्मिनल बनने के बाद लखनऊ की परिवहन व्यवस्था और मजबूत होगी।
इसे भी पढ़ें- UP Budget 2026-27: नौ लाख करोड़ का मेगा बजट, ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी पर फोकस








