-
पंकज चौधरी की दावेदारी मजबूत, नामांकन आज
-
यूपी BJP में कुर्मी चेहरे से PDA को चुनौती
-
रविवार को होगा नए अध्यक्ष के नाम का ऐलान
लखनऊ, 13 दिसंबर 2025। Mission 2027: उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नए प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया तेज हो गई है। आज 13 दिसंबर को लखनऊ में नामांकन दाखिल किया जाएगा और कल 14 दिसंबर को नए अध्यक्ष की घोषणा होने की संभावना है। 2024 लोकसभा चुनाव में मिले झटके के बाद BJP अब 2027 विधानसभा चुनाव पर फोकस कर रही है, जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हैट्रिक की कोशिश में जुटे हैं।
इसे भी पढ़ें- UP BJP President: वोटिंग सिस्टम से चुने जाएंगे प्रदेश अध्यक्ष, इस डेट को होगा वोटर्स की लिस्ट और नए चीफ का ऐलान
पार्टी कोई संकेत नहीं देना चाहती कि संगठन में असहमति है, इसलिए सहमति से मजबूत चेहरा चुनने की रणनीति अपनाई जा रही है। खास तौर पर समाजवादी पार्टी (SP) के अध्यक्ष अखिलेश यादव के PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले की काट के लिए BJP ओबीसी वोट बैंक को मजबूत करना चाहती है। इसके लिए केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी का नाम सबसे आगे चल रहा है।
पंकज चौधरी कुर्मी समुदाय से आते हैं, जो यूपी में यादवों के बाद दूसरी सबसे बड़ी ओबीसी जाति है। कुर्मी-यादव का गणित SP की PDA राजनीति को मजबूत बनाता है, इसलिए BJP कुर्मी वोटर्स को साधने की योजना बना रही है। पंकज चौधरी महाराजगंज से सात बार सांसद रह चुके हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करीबी माने जाते हैं। 2024 लोकसभा चुनाव में यूपी की 80 सीटों पर कुर्मी वोटों का असर साफ दिखा। कुल 11 कुर्मी सांसद जीते, जिनमें SP ने 12 उम्मीदवार उतारकर 7 सीटें जीतीं।
BJP ने 5 कुर्मी उम्मीदवार उतारे और 3 जीते, जबकि अपना दल (S) की अनुप्रिया पटेल भी कुर्मी चेहरे के रूप में जीतीं। PDA के दम पर SP ने BJP को बड़ा नुकसान पहुंचाया था। अब BJP इसी कमजोरी को दूर करने के लिए कुर्मी चेहरे को संगठन की कमान सौंपकर पिछड़ी जातियों में मजबूत संदेश देना चाहती है।यूपी देश का सबसे बड़ा राज्य है, जहां 403 विधानसभा सीटें हैं। 2027 में यहां प्रचंड जीत के लिए BJP ऐसा अध्यक्ष चाहती है जो संगठन को एकजुट रखे और 2024 की गलतियों को दोहराए नहीं। महाराष्ट्र-बिहार जैसे राज्यों की तर्ज पर यूपी में भी बड़ा जनादेश हासिल करने की तैयारी है।
अन्य दावेदारों की चर्चा
- धर्मपाल सिंह: योगी कैबिनेट में मंत्री, RSS बैकग्राउंड, लोधी (OBC) समाज से।
- बीएल वर्मा: केंद्रीय उपभोक्ता मामलों के राज्य मंत्री, राज्यसभा सदस्य, लोधी समाज से।
- हरीश द्विवेदी: बस्ती से पूर्व सांसद, ब्राह्मण चेहरा, संगठन और सरकार में अनुभव।
- गोविंद शुक्ला: यूपी BJP महामंत्री, विधान परिषद सदस्य, गोरखपुर प्रभारी, प्रमुख ब्राह्मण नेता।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक चुनाव निर्विरोध होने की संभावना है और पंकज चौधरी का नाम लगभग तय माना जा रहा है। दिल्ली से लखनऊ तक हलचल तेज है, और नए अध्यक्ष के ऐलान के साथ BJP मिशन-2027 की दिशा में बड़ा कदम उठाएगी।
इसे भी पढ़ें- UP Elections 2027: अखिलेश का मास्टरस्ट्रोक, महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये देने का ऐलान, BJP पर तंज








