मुरादाबाद/अमरोहा, 12 दिसंबर 2025। Love Jihad Story: सात साल का इश्क, सऊदी अरब में छह साल पहले हुआ निकाह और फिर नेपाल की सीमा पार कर भारत में अवैध प्रवेश – उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में एक और “सीमा हैदर” वाली कहानी सामने आई है। बांग्लादेश की नागरिक रीना बेगम (उम्र करीब 30 वर्ष) को मंडी धनौरा थाना क्षेत्र के मोहल्ला कटरा से उसका पति मोहम्मद राशिद के घर से पुलिस ने हिरासत में ले लिया। रीना के पास ढाका का पासपोर्ट तो है, लेकिन भारत आने का कोई वैध वीजा नहीं।
इसे भी पढ़ें- Terrorist Arrested: गुजरात ATS की बड़ी सफलता, 3 आतंकी गिरफ्तार, पाक ISI से कनेक्शन, हमलों की साजिश नाकाम
जानकारी के मुताबिक, अमरोहा निवासी मोहम्मद राशिद करीब दस साल पहले रोजगार के लिए सऊदी अरब गया था। वहां एक अस्पताल में नौकरी के दौरान उसकी मुलाकात बांग्लादेश मूल की रीना बेगम से हुई। सात साल पहले दोनों के बीच प्रेम संबंध शुरू हुआ और छह साल पहले सऊदी अरब में ही दोनों ने निकाह कर लिया।
इसके बाद दोनों पति-पत्नी के रूप में वहीं रहने लगे। राशिद की भारत में पहले से एक पत्नी और बच्चे भी हैं, रीना उसकी दूसरी पत्नी है। लगभग डेढ़ महीना पहले राशिद अपनी बांग्लादेशी पत्नी रीना को लेकर सऊदी अरब से पहले नेपाल पहुंचा। वहां से बस के जरिए दिल्ली और फिर अमरोहा के मंडी धनौरा स्थित अपने पैतृक घर आ गया, लेकिन पड़ोसियों को जब रीना के बांग्लादेशी होने का शक हुआ, तो उन्होंने पुलिस को सूचना दे दी।
शुक्रवार देर रात प्रभारी निरीक्षक बालेंद्र सिंह यादव अपनी टीम के साथ राशिद के घर पहुंचे और रीना को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने रीना का मोबाइल फोन, पासपोर्ट और अन्य दस्तावेज कब्जे में ले लिए। पूछताछ में रीना ने बताया कि वह सिर्फ अपने पति के साथ रहने भारत आई है, लेकिन उसके पास भारत का कोई वीजा या वैध परमिट नहीं मिला। देर रात तक थाने में पूछताछ के बाद विदेशी अधिनियम-1946 की धारा 14 के तहत रीना बेगम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
एसपी मुरादाबाद (ग्रामीण) अमित कुमार आनंद ने बताया कि महिला नेपाल के रास्ते बिना वीजा भारत आई है। मामला संवेदनशील होने के कारण खुफिया एजेंसियां भी सक्रिय हो गई हैं। रीना के कॉल डिटेल्स, सोशल मीडिया और वित्तीय लेन-देन की गहन जांच की जा रही है। फिलहाल रीना पुलिस हिरासत में है और शनिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
सीमा हैदर केस की तरह इस मामले ने भी सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े कर दिए हैं। जांच में यह देखा जा रहा है कि क्या यह सिर्फ प्रेम कहानी है या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क काम कर रहा है।
इसे भी पढ़ें- I love Mohammed: मेरठ में ‘आई लव मोहम्मद’ के नाम पर बवाल की साजिश विफल, चार अरेस्ट








