नई दिल्ली। Yamuna Cleaning Delhi: यमुना नदी को लगातार गंदा करने वाले सबसे बड़े स्रोत नजफगढ़ ड्रेन को साफ करने के लिए दिल्ली सरकार ने बड़ी पहल की है। सोमवार को दिल्ली जल बोर्ड ने बाहरी दिल्ली के ताजपुर खुर्द में 247.33 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) बनाने को हरी झंडी दे दी। इसके अलावा नई सीवर लाइनों और नेटवर्क बिछाने पर करीब 300 करोड़ रुपये अतिरिक्त खर्च होंगे।
इसे भी पढ़ें- Yamuna River: यमुना नदी उफान पर, मथुरा में बाढ़ का खतरा, गांवों का संपर्क टूटा, नाव संचालन पर रोक
यह नया मॉडर्न STP 25,546 वर्ग मीटर क्षेत्र में बनेगा और बाहरी दिल्ली की सैकड़ों अनधिकृत व अधिकृत कॉलोनियों से रोज निकलने वाले सैकड़ों MGD गंदे पानी को ट्रीट करेगा। अभी यह सारा गंदा पानी बिना ट्रीटमेंट के सीधे नजफगढ़ ड्रेन में गिरता है और वहां से यमुना में पहुंच कर नदी को विषैला बनाता है।
27 महीने में पूरा होगा प्रोजेक्ट
दिल्ली जल बोर्ड के अधिकारियों के मुताबिक, ठेका मिलने के बाद सिर्फ 27 महीने में यह प्लांट पूरी तरह चालू हो जाएगा। ट्रीट किया हुआ पानी पाइपलाइन के जरिए नजफगढ़ ड्रेन में छोड़ा जाएगा, जिससे ड्रेन का प्रदूषण स्तर काफी कम हो जाएगा। साथ ही ताजपुर खुर्द से द्वारका सेक्टर-17 तक नया सीवर नेटवर्क बिछाया जाएगा। कई जगहों पर सीवेज पंपिंग स्टेशन भी बनाए जाएंगे ताकि दूर-दराज की कॉलोनियों का गंदा पानी भी STP तक पहुंच सके।
नजफगढ़ ड्रेन – यमुना का सबसे बड़ा प्रदूषक
जानकार बताते हैं कि दिल्ली में यमुना में गिरने वाले कुल अनट्रीटेड सीवेज का बड़ा हिस्सा नजफगढ़ ड्रेन से आता है। बाहरी दिल्ली, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली और द्वारका के सैकड़ों इलाकों का सीवेज इसी ड्रेन में जाता है। इस नए STP के चालू होने से यमुना में गिरने वाले प्रदूषण में भारी कमी आने की उम्मीद है।
सरकार की बड़ी घोषणा
जल मंत्री ने कहा, “हमने 2025 तक यमुना को साफ करने का वादा किया था। ताजपुर खुर्द का यह मॉडर्न STP उसी दिशा में एक और मजबड़ा कदम है। हम एक-एक ड्रेन को साफ कर रहे हैं।” अधिकारियों का दावा है कि 2027 तक दिल्ली के सभी प्रमुख ड्रेन से अनट्रीटेड सीवेज यमुना में गिरना लगभग बंद हो जाएगा। बाहरी दिल्ली के लाखों लोगों को भी स्वच्छ वातावरण मिलेगा।
इसे भी पढ़ें- यमुना का हाल बेहाल: झाग-झाग पानी, 4000 गुना ज़्यादा बैक्टीरिया, दिल्ली की नदी फिर बनी ‘गंदगी का दरिया’








