लखनऊ, 4 दिसंबर 2025। Liquor Smuggling: उत्तर प्रदेश में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत राजधानी लखनऊ में आबकारी विभाग और यूपी एसटीएफ ने बड़ी सफलता हासिल की है। 3-4 दिसंबर की रात इटौंजा टोल प्लाजा पर चेकिंग के दौरान एक ट्रक से आलू की बोरियों के बीच छिपाकर ले जाई जा रही 443 पेटी अवैध विदेशी शराब बरामद की गई। इस खेप की बाजार कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई जा रही है।
इसे भी पढ़ें- Labour Policy: शराब की दुकानों को छोड़ कर अब हर जगह रात में काम कर सकेंगी महिलाएं
हरियाणा के चंडीगढ़ से बिहार के लिए रवाना यह ट्रक शराबबंदी लागू बिहार में मोटा मुनाफा कमाने के मकसद से ले जाया जा रहा था। पेटियों पर स्पष्ट रूप से “FOR SALE IN CHANDIGARH ONLY” लिखा हुआ था, जो यह साबित करता है कि यह शराब यूपी और बिहार में पूरी तरह अवैध थी।
बरामद शराब में शामिल ब्रांड
Royal Stag Barrel Select – 2052 बोतलें
Old Habbit Whiskey (PET) – 7488 बोतलें
All Seasons Golden Collection Reserve (PET) – 3840 बोतलें
Black by Bacardi Rum – 432 बोतलें
कुल मिलाकर 13,812 बोतलें जब्त की गईं। ट्रक में ऊपर से आलू की बोरियां लदी हुई थीं ताकि कोई शक न हो। ट्रक चालक सुशील कुमार (निवासी कांगड़ा, हिमाचल प्रदेश) ने पूछताछ में पूरा गिरोह उजागर कर दिया। उसने बताया कि चंडीगढ़ निवासी कपिल वर्मा इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड है, जो लगातार चंडीगढ़ से बिहार के लिए शराब की खेप भेजता है। बिहार में शराबबंदी के कारण वहां एक बोतल पर कई गुना मुनाफा मिलता है।
सुशील ने कबूला कि उसे प्रति ट्रिप मोटी रकम मिलती है और बिहार पहुंचने पर आगे के निर्देश कपिल वर्मा की ओर से आते हैं। मौके से ट्रक, शराब, आलू की बोरियां, एक मोबाइल फोन और 5,700 रुपये नकद भी बरामद किए गए। थाना इटौंजा में आबकारी अधिनियम व संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। कपिल वर्मा व अन्य सदस्यों की तलाश तेज कर दी गई है।
आबकारी आयुक्त के निर्देश पर प्रदेश भर में ऐसा विशेष अभियान चल रहा है, जिसके तहत पिछले कुछ दिनों में कई बड़ी खेपें पकड़ी जा चुकी हैं। अधिकारियों का कहना है कि बिहार शराबबंदी के कारण यूपी अंतरराज्यीय तस्करी का बड़ा रूट बन गया है और इसे पूरी तरह खत्म करने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
इसे भी पढ़ें- Palacio Mall में शराब विवाद में गार्ड-सुपरवाइजर पर फायरिंग, महिला डॉक्टर समेत चार गिरफ्तार








