पटना, 9 अक्टूबर 2025। Bihar Elections 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की सरगर्मी चरम पर पहुंच गई है। प्रशांत किशोर (पीके) की नई राजनीतिक पार्टी जन सुराज ने बुधवार को अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी, जिसमें कुल 51 नाम शामिल हैं। यह सूची बिहार की 243 सीटों पर पार्टी के अकेले दांव को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। हालांकि, पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर के चुनाव लड़ने को लेकर अभी भी रहस्य का पर्दा बरकरार है, जो राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
इसे भी पढ़ें- Bihar Assembly Elections 2025: 22 नवंबर से पहले संपन्न होगा चुनाव, CEC ने SIR और नई पहलों पर दी जानकारी
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह ने पटना के कैंप कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सूची का ऐलान किया। उन्होंने बताया कि उम्मीदवारों का चयन सामाजिक न्याय और विविधता के सिद्धांत पर आधारित है। सूची में 7 सुरक्षित वर्ग, 17 अति पिछड़े वर्ग, 11 पिछड़े वर्ग, 8-9 अल्पसंख्यक समाज और शेष सामान्य वर्ग के प्रतिनिधि शामिल हैं। महिलाओं और युवाओं को प्राथमिकता दी गई है, ताकि पार्टी की छवि समावेशी बने।

कुछ प्रमुख नाम इस प्रकार हैं: वाल्मीकि नगर से डॉ. द्रिग नारायण प्रसाद, बिहारशरीफ से दिनेश कुमार, पटना कुम्हरार से केसी सिन्हा, महिषी से समीम अख्तर, मीनापुर से तेज नारायण सहनी, कल्याणपुर से रामबालक पासवान, परबत्ता से बिनय कुमार वरुण, मांझी से वाईबी गिरि। खास तौर पर, भोजपुरी गायक रितेश पांडेय को करगहर सीट से टिकट दिया गया है, जो पार्टी की नई रणनीति को दर्शाता है। पूर्व आईपीएस आरके सिंह और प्रीति किन्नर जैसे प्रभावशाली चेहरे भी सूची में शुमार हैं।
प्रशांत किशोर के चुनाव लड़ने पर उदय सिंह ने कहा, “एक-दो दिन में स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।” पीके ने पहले संकेत दिए थे कि यदि पार्टी कहेगी, तो वे अपनी जन्मभूमि या कर्मभूमि से मैदान में उतरेंगे। सूत्र बताते हैं कि वे राघोपुर सीट से चुनाव अभियान की शुरुआत कर सकते हैं, जहां आरजेडी के तेजस्वी यादव विधायक हैं। पीके का नाम न होने से सस्पेंस बढ़ गया है, लेकिन पार्टी का दावा है कि वे रणनीति बनाने पर फोकस करेंगे।यह सूची जारी होते ही एनडीए और महागठबंधन में हलचल मच गई है।
जन सुराज का लक्ष्य सभी सीटों पर कड़ा मुकाबला देना है। अगले दो-तीन दिनों में बाकी उम्मीदवारों के नाम भी घोषित हो सकते हैं। बिहार चुनाव का पहला चरण 3 नवंबर को होगा, नामांकन 19 अक्टूबर से शुरू। यह कदम पीके की ‘गेम चेंजर’ छवि को मजबूत कर सकता है।
इसे भी पढ़ें- UP Assembly Elections 2027: वोटर लिस्ट में बड़े संशोधन, निर्वाचन आयोग ने जारी किए निर्देश








