लखनऊ, 29 सितंबर 2025। UP politics: भारतीय क्रिकेट टीम ने रविवार को एशिया कप फाइनल में पाकिस्तान को हराकर खिताब जीता, जिसके बाद पूरे देश में जश्न का माहौल है। लेकिन इस जीत में समाजवादी पार्टी (सपा) ने जातिगत रंग चढ़ा दिया। सपा ने दावा किया कि भारत की इस जीत में ‘PDA’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) का अहम योगदान रहा। सपा के आधिकारिक एक्स हैंडल पर पोस्ट में कहा गया कि भारतीय टीम की जीत में PDA ने परचम लहराया और यह देश की उपलब्धि का प्रतीक है।
इसे भी पढ़ें- UP Politics: 23 महीने बाद जेल से बाहर आये आजम, अल्पसंख्यक सियासत में शुरू हुई हलचल, क्या बदलेगा समीकरण?
हालांकि, सपा ने यह भी जोड़ा कि खिलाड़ियों को जाति के बंधन में नहीं बांधना चाहिए, लेकिन जब बीजेपी जातिगत भेदभाव करती है, तो इसका जिक्र जरूरी हो जाता है। सपा ने आगे कहा कि PDA हर क्षेत्र में काबिल है, लेकिन बीजेपी सरकारें इन्हें अवसर नहीं देतीं, जिससे देश को कई उपलब्धियां गंवानी पड़ती हैं। पोस्ट में दावा किया गया कि “PDA ही जीतेगा, PDA ही जिताएगा, और PDA ही देश को सारी उपलब्धियां दिलाएगा।”
कल के क्रिकेट मैच में भी PDA ने ही अपना परचम फहराया और देश की जीत की कहानी लिखी।
कल एशिया कप के फाइनल मैच में पाकिस्तान को हराने में PDA का प्रमुख योगदान था, हालांकि खिलाड़ियों को जाति के बंधन में नहीं बांधा जा सकता लेकिन यही भाजपा जब जाति के आधार पर भेदभाव करती है तब इसका…
— Samajwadi Party Media Cell (@mediacellsp) September 29, 2025
इससे पहले, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी भारत की जीत पर एक पोस्ट की थी, जिसमें उन्होंने परोक्ष रूप से PDA की भूमिका का जिक्र किया। अखिलेश ने लिखा, “एकता जीत की बुनियाद होती है,” और भारतीय टीम, कोच, स्टाफ व देशवासियों को बधाई दी। उनकी इस पोस्ट को सियासी संदेश के तौर पर देखा गया। सपा की इस टिप्पणी ने क्रिकेट को जातिगत रंग देने का विवाद खड़ा कर दिया है। जहां एक तरफ देश जीत के जश्न में डूबा है, वहीं सपा का बयान सियासत को खेल से जोड़ने का उदाहरण बन गया।
बीजेपी ने इसे सस्ती लोकप्रियता का हथकंडा बताया है। यह विवाद खेल की भावना को राजनीति से जोड़ने की बहस को और गर्म कर सकता है। क्या सपा का यह कदम वोटबैंक की राजनीति है, या वाकई में सामाजिक संदेश? यह सवाल अब चर्चा का विषय बन गया है।
इसे भी पढ़ें- UP politics: शिवपाल ने रालोद को ठहराया धोखेबाज, जयंत के करीबी ने किया कड़ा जवाब!