-
गजरौला में जहरीली गैस रिसाव से हड़कंप
-
बेस्ट क्रॉप साइंस फैक्ट्री में हादसा, लोग घरों में कैद
-
जहरीली गैस ने मचाया कोहराम, हाईवे तक फैला काला धुंआ
अमरोहा, 23 सितंबर 2025। Gas Leak: अमरोहा जिले के गजरौला में सोमवार रात केमचुरा बेस्ट क्रॉप साइंस फैक्ट्री में जहरीली गैस के रिसाव ने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी। रात 8-9 बजे के बीच शुरू हुआ यह रिसाव इतना भयावह था कि नेशनल हाईवे तक काला धुंआ और तेज दुर्गंध फैल गई। स्थानीय लोगों को सांस लेने में दिक्कत और आंखों में जलन की शिकायत हुई, जिसके चलते कई लोग बीमार पड़ गए। डर के मारे लोग घरों में कैद हो गए और दरवाजे-खिड़कियां बंद कर लीं।
इसे भी पढ़ें- CSE का दावा, दिल्ली के कचरे से बनी गैस से बन सकता है 17 हजार कारों का ईंधन
लोगों को पहुंचाया गया अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही अमरोहा पुलिस और जिला प्रशासन हरकत में आया। एडीएम गरिमा सिंह ने बताया कि गैस रिसाव को नियंत्रित करने के लिए एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद ने कहा कि स्थिति को काबू करने के लिए फैक्ट्री में एंबुलेंस तैनात की गई हैं।

प्रभावित लोगों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। एनडीआरएफ ने विशेष उपकरणों और रसायनों के जरिए रिसाव को नियंत्रित करने की कोशिश की। प्रशासन ने लोगों से शांत रहने और घबराने की जरूरत न होने की अपील की।
कीटनाशक और रासायनिक उत्पाद बनते हैं फैक्ट्री में
केमचुरा बेस्ट क्रॉप साइंस प्राइवेट लिमिटेड गजरौला में कृषि रसायनों का उत्पादन करती है। यहां कीटनाशक, शाकनाशी, कवकनाशी और अन्य रासायनिक उत्पाद तैयार किए जाते हैं, जो फसलों को कीड़ों, खरपतवारों और कवक रोगों से बचाने में उपयोगी हैं। यह कंपनी फसल सुरक्षा उत्पादों की प्रमुख आपूर्तिकर्ता है। हालांकि, बार-बार होने वाले गैस रिसाव ने इसके सुरक्षा मानकों पर सवाल उठाए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि पुराने उपकरण और अपर्याप्त मेंटेनेंस इस तरह की घटनाओं का कारण हो सकते हैं।
फैक्ट्री बंद करने की मांग
स्थानीय निवासियों में गुस्सा भड़क उठा है। तिगरिया खादर, नाईपुरा, अलीपुर और सुल्तान नगर जैसे इलाकों में लोग सड़कों पर उतर आए और फैक्ट्री प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। एक स्थानीय महिला सरोज ने बताया कि रात को गैस का काला धुंआ चारों ओर फैल गया, जिससे सांस लेना मुश्किल हो गया। कई बार पहले भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की कि इस फैक्ट्री को बंद किया जाए, क्योंकि यह उनके जीवन के लिए खतरा बन चुकी है। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने कहा कि अगर जल्द कार्रवाई न हुई, तो बड़ा हादसा हो सकता है। प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं और दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। यह घटना औद्योगिक सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण के लिए एक बड़ी चेतावनी है।
इसे भी पढ़ें- Delhi Tragedy: दिल्ली में सीवर सफाई के दौरान हादसा, एक कर्मचारी की मौत, तीन गंभीर








